श्रावस्ती में प्रांतीय रक्षक दल यानी पीआरडी के जवानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों के दैनिक मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की है। अब जवानों को ₹500 की जगह ₹600 प्रतिदिन मानदेय मिलेगा। घोषणा के बाद जिले के पीआरडी जवानों में खुशी का माहौल है।
मानदेय में बढ़ोतरी को जवानों के लिए आर्थिक राहत के तौर पर देखा जा रहा है। पीआरडी जवान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और विभिन्न सरकारी आयोजनों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग भी उठती रही है।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद श्रावस्ती में आयोजित कार्यक्रम में विधायक रामफेरन पांडेय पहुंचे और पीआरडी जवानों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने जवानों को मानदेय बढ़ने पर बधाई देते हुए कहा कि पीआरडी जवान विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं।
मानदेय में ₹100 प्रतिदिन की बढ़ोतरी से पीआरडी जवानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को लेकर जवानों ने खुशी जताई और इसे अपने हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।





















