श्रावस्ती में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महिलाओं के योगदान को सराहा गया। कार्यक्रम में विधायक राम फेरन पांडेय ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया और लाभार्थियों को कैशलेस कार्ड वितरित किए गए, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राम फेरन पांडेय ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में वृद्धि कर उनके योगदान को सम्मान देने का काम किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाने में इन कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में किरण पांडेय ने कोरोना महामारी के दौरान आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की सेवाओं को याद किया। उन्होंने कहा कि महामारी के कठिन दौर में इन कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना गांव-गांव पहुंचकर लोगों की मदद की। दवा वितरण से लेकर जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तक, उन्होंने जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई। ऐसे में उनके कार्यों को सम्मानित करना उनका मनोबल बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार सिंह, डीपीएम सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान को सम्मान देने के साथ ही महिलाओं और लाभार्थियों तक सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।





















