श्रावस्ती। जिले में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव का मतदान शुक्रवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चले मतदान में कुल 81.57 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के शुरुआती घंटों से ही मतदाताओं की भागीदारी बढ़ती रही और दोपहर बाद मतदान प्रतिशत में तेजी देखने को मिली।
मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग और पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने इकौना, गिलौला, जमुनहा और भिनगा में मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सतर्क रहने और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम अन्नपूर्णा गर्ग ने कलेक्ट्रेट स्थित निर्वाचन कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया की लगातार निगरानी रखने और निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए। जिले में मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया, जिससे मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
जिले में मतदान प्रतिशत सुबह 10 बजे तक 16.33 प्रतिशत, दोपहर 12 बजे तक 46.61 प्रतिशत और दोपहर दो बजे तक 71.51 प्रतिशत रहा। शाम चार बजे मतदान समाप्त होने तक यह आंकड़ा बढ़कर 81.57 प्रतिशत पहुंच गया। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों और निर्वाचन सामग्री को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गोरखपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय में जमा कराया जाएगा।




















