वन विभाग ने चार घंटे के रेस्क्यू के बाद जंगल में छोड़ा
श्रावस्ती। जिले के ककरदरी रेंज अंतर्गत शाहपुर कला गांव में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के किनारे एक झोपड़ी में मादा तेंदुआ छिपी होने की सूचना मिली। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद तेंदुए को सुरक्षित पकड़ लिया। स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे सोहेलवा वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ककरदरी रेंज की ग्राम पंचायत शाहपुर कला के मजरा गुरूवा में स्थित खेत किनारे बनी एक झोपड़ी में करीब दो वर्ष की मादा तेंदुआ छिपी हुई थी। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग के अधिकारी और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पहले पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कराया गया और लोगों को झोपड़ी से दूर रहने की सलाह दी गई।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने जाल की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12 बजे मादा तेंदुए को सुरक्षित पकड़कर पिंजरे में कैद कर लिया गया। रेस्क्यू के बाद उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसमें वह पूरी तरह स्वस्थ पाई गई।
वन विभाग ने मादा तेंदुए को बाद में बलरामपुर वन्यजीव प्रभाग की सोहेलवा पश्चिमी रेंज में उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया। राहत की बात यह रही कि इस दौरान तेंदुए ने किसी ग्रामीण पर हमला नहीं किया और कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद वन विभाग ने आसपास के क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है तथा ग्रामीणों से जंगल के आसपास सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।







