बिना डिग्री चला रहा था क्लीनिक; सोशल मीडिया वीडियो के बाद दर्ज हुई FIR
झांसी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर झांसी प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित झोलाछाप चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जिलाधिकारी के निर्देश और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. शिशिर पुरी के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर बिना वैध डिग्री और पंजीकरण के संचालित हो रहे क्लीनिक का भंडाफोड़ किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं पंजीकरण नोडल अधिकारी डॉ. आशीष अग्निहोत्री के निर्देशन में ब्लॉक बामौर, तहसील गरौठा के ग्राम करगुवांखुर्द में संचालित क्लीनिक की जांच कराई गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बामौर के डॉ. विमल कुमार और डॉ. विवेक सोनी ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
जांच के दौरान क्लीनिक संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान हृदय गैन, पुत्र कार्तिक गैन, निवासी जिला नादिया, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। जांच में उसके पास चिकित्सा उपचार करने के लिए कोई वैध मेडिकल डिग्री या चिकित्सकीय पंजीकरण उपलब्ध नहीं मिला।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के आधार पर थाना एरच पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। अधिकारियों ने बताया कि बिना वैध योग्यता और पंजीकरण के चिकित्सा कार्य करना कानूनन अपराध है तथा ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







