श्रावस्ती में गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 15 अक्टूबर को जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। इसमें जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट और निर्वाचन कार्य में लगाए गए अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, समयबद्ध और शांतिपूर्ण तरीके से निर्वाचन संपन्न कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ करें। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर सभी जरूरी मूलभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध करा ली जाएं। किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को जानकारी देने के लिए भी कहा गया।
जिलाधिकारी ने मतदान व्यवस्था को लेकर कई अहम निर्देश दिए। पोलिंग पार्टियों को ले जाने वाले वाहनों में जीपीएस लगाने, मतदेय स्थलों पर वीडियोग्राफी कराने और मतदान कर्मियों के पास पहचान पत्र सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्रों पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को प्रवेश न मिले। मतदान कार्मिकों को पूरा प्रशिक्षण देने के साथ पोलिंग पार्टियों के लिए भोजन और पानी की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा मतदेय स्थलों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी तरह की गतिविधि न होने देने पर विशेष जोर दिया गया।
मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटिकाओं को सुरक्षित डबल लॉक में रखने और फिर उन्हें एकत्र कर सुरक्षित तरीके से गोरखपुर पहुंचाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ललित कुमार, उपजिलाधिकारी प्रवीण यादव, रवि प्रताप सिंह, निशांत उपाध्याय और श्रेया सहित जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा नोडल और सहायक नोडल अधिकारी मौजूद रहे।





















