विनोद कुमार सिंह अंशु
बाराबंकी। टिकैतनगर थाना क्षेत्र के कस्बा इचौली के मोहल्ला मौलाना में सोमवार शाम घर में पंखे का सेट लगाते समय भाई-बहन करंट की चपेट में आकर झुलस गए। परिजनों व स्थानीय लोगों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकैतनगर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद 10 वर्षीय बालिका की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं सात वर्षीय बालक का उपचार सीएचसी में जारी है।
परिजनों के अनुसार मोहल्ला मौलाना निवासी रामकेतार के पुत्र अंश (7) और पुत्री अंशिका (10) घर में पंखे का सेट लगा रहे थे। इसी दौरान पंखे में करंट उतर आने से दोनों उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। बच्चों की चीख पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कर दोनों को करंट से अलग किया और ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टिकैतनगर पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने दोनों बच्चों का प्राथमिक उपचार किया। अंशिका की हालत नाजुक होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि अंश का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।







