उन्नाव। कानपुर के एक होटल में मृत मिली उन्नाव की महिला का पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम शव घर पहुंचा तो पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। मां का शव देखते ही उसके मासूम बच्चे फूट-फूटकर रो पड़े। परिजनों ने उन्हें ढांढस बंधाया और बाद में शुक्लागंज घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के अकरमपुर निवासी 33 वर्षीय महिला वकालत की पढ़ाई कर रही थी और सोशल मीडिया पर भी सक्रिय थी। पुलिस के अनुसार, उसकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से फतेहपुर निवासी एक युवक से हुई थी। दोनों पहले से विवाहित थे और उनके परिवार भी थे।
जांच में सामने आया कि 9 जून को भी दोनों घर से चले गए थे। उस समय परिजनों द्वारा खोजकर उन्हें मगरवारा चौकी लाया गया था, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बाद महिला का पति काम के सिलसिले में गुजरात चला गया।
पुलिस के अनुसार, पति के बाहर जाने के बाद दोनों के बीच फिर संपर्क हुआ। शनिवार को दोनों कानपुर के एक होटल पहुंचे, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में दोनों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद महिला का शव घर पहुंचा। अंतिम दर्शन के दौरान परिजनों और स्थानीय लोगों की आंखें नम हो गईं। इसके बाद शुक्लागंज स्थित घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।







