मारपीट का वीडियो आया सामने
अलीगंज के नगला जैत गांव में दोनों पक्षों के महिला-पुरुष आमने-सामने, वीडियो में लाठी-डंडों से हमला, गाली-गलौज और पथराव कैद; पुलिस जांच में जुटी
दिलीप सिंह अलीगंज एटा
कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के गांव नगला जैत में बुधवार को बच्चे के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, हंसिया से हमला करने और पथराव के आरोप लगे। करीब आधे घंटे तक चले बवाल से गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दोनों पक्षों से छह लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज भेजकर चिकित्सीय परीक्षण कराया। इस बीच घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सामने आए वीडियो में दोनों पक्षों के महिला और पुरुष हाथों में डंडे लेकर एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में जमकर गाली-गलौज, मारपीट और पथराव भी होता नजर आ रहा है। कुछ लोग बीच-बचाव का प्रयास करते भी दिखाई देते हैं, लेकिन दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला करते रहते हैं। हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस वीडियो की भी जांच कर रही है।
घटना में प्रथम पक्ष से सत्यवीर (28) पुत्र दीनदयाल, रेखा देवी (50) पत्नी सत्यपाल सिंह तथा शैलेश (17) पुत्र सत्यपाल सिंह, निवासी नगला जैत घायल हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से गीता (40) पत्नी भारत सिंह, अनोज (20) पुत्र भारत सिंह तथा सनोज (15) पुत्र भारत सिंह, निवासी नगला जैत घायल हुए हैं। सभी घायलों का सीएचसी अलीगंज में मेडिकल कराया गया है।
दूसरे पक्ष का आरोप
घायल गीता ने बताया कि वे घर के बाहर खड़े थे। उनका आरोप है कि उनकी नातिन का नाम दूसरे पक्ष ने अपने बच्चे का रख लिया, जिसे लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई और दूसरे पक्ष की एक महिला ने उन पर हंसिया और डंडे से हमला कर दिया। गीता के मुताबिक उनके परिवार के चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें तीन को खुली चोटें आई हैं।
प्रथम पक्ष ने भी लगाए गंभीर आरोप
प्रथम पक्ष के सत्यवीर ने बताया कि इस घटना में वह, उनकी भाभी और भतीजा घायल हुए हैं। उनका कहना है कि उनकी बेटी का नाम आराध्या है, जबकि दूसरे पक्ष की बच्ची का नाम पायल है। उनका आरोप है कि उनकी भाभी ने जब “आराध्या” नाम लेकर आवाज लगाई तो राधेश्याम ने उनकी भाभी पर हंसिया से हमला कर दिया। उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी। सत्यवीर ने यह भी दावा किया कि पुलिस पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लेकर गई है।
पुलिस जांच में जुटी
कोतवाली अलीगंज के प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों के छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें मेडिकल के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा गया है। अभी किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना से संबंधित वीडियो भी पुलिस के संज्ञान में है और उसकी भी जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच थानास्तर पर जारी है।




















