राम मंदिर चढ़ावा चोरी, हिंदू राष्ट्र और 2027 विधानसभा चुनाव पर सांसद ने विपक्ष पर साधा निशाना
उन्नाव। उन्नाव से भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों को भगवान राम का नाम लेने का नैतिक अधिकार नहीं है। साथ ही वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत का दावा भी किया।
गदनखेड़ा स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में साक्षी महाराज ने आरोप लगाया कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में रामभक्तों पर गोलियां चलवाई गई थीं। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वे अब विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपना रुख बदल रहे हैं।
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले पर उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है और इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।
हिंदू राष्ट्र पर दिया बयान
सांसद ने कहा कि भारत उसी समय हिंदू राष्ट्र बन गया था, जब धर्म के आधार पर पाकिस्तान का गठन हुआ। उनके अनुसार भारत को अलग से हिंदू राष्ट्र घोषित करने की आवश्यकता नहीं है।
सपा शासनकाल पर भी साधा निशाना
साक्षी महाराज ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में जमीनों और दुकानों पर अवैध कब्जे होते थे और मीडिया संस्थानों तक को निशाना बनाया जाता था। उन्होंने तत्कालीन सरकार के चर्चित बयान “लड़के हैं, गलतियां हो जाती हैं” का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और महिला अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाती है।
2027 चुनाव को लेकर किया दावा
भाजपा सांसद ने दावा किया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा 300 से अधिक सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
बाबा रामदेव के बयान का किया समर्थन
साक्षी महाराज ने योग गुरु बाबा रामदेव के हालिया बयान का समर्थन करते हुए कहा कि भारत के मुसलमानों को अपने पूर्वजों के इतिहास को देखना चाहिए। उनका दावा था कि अधिकांश लोगों की सांस्कृतिक जड़ें समान हैं।







