महराजगंज (सदर)। फरेन्दा विधानसभा क्षेत्र के बूथ प्रभारियों, सेक्टर प्रभारियों एवं बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की समीक्षा बैठक लेहड़ा खास में आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. अरविंद यादव की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की गई तथा संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ओपी यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मजबूत संगठन और एकजुट संघर्ष के बल पर जनविरोधी भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष चुनावी वादों से जनता को गुमराह करने के साथ-साथ धार्मिक आस्थाओं के साथ भी खिलवाड़ कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
विशिष्ट अतिथि गणेश शंकर पाण्डेय तथा रजनीश यादव ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती पार्टी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि बूथ मजबूत होगा तो कोई भी जनविरोधी ताकत पार्टी को पराजित नहीं कर सकती। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सरकार की कथित विफलताओं और जनविरोधी नीतियों को जनता के बीच ले जाने का आह्वान किया।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश यादव, पूर्व विधायक विनोद मणि त्रिपाठी, श्रीपति आजाद, अमित चौबे, पंकज श्रीवास्तव, भाई रामलाल, विजय जयसवाल, शैलेन्द्र यादव, संतोष साहनी, विजय बहादुर चौधरी, बिंद्रेश कन्नौजिया, सरजू सिंह यादव, संदेश शनि, बाबर अब्बासी तथा राम ललित मौर्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।








