वाराणसी। सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने के मामले में दशाश्वमेध थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान वीडियो में दिखाई गई गन असली नहीं बल्कि टॉय गन (नकली बंदूक) निकली, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम पर एक युवक का गन के साथ वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो की जांच के बाद पुलिस ने उसमें दिखाई दे रहे युवक की पहचान रवि शंकर मिश्रा (पुत्र सुरेंद्र नाथ मिश्रा) निवासी भीमचंडी, थाना राजातालाब, वाराणसी तथा वर्तमान पता दत्तात्रेय मठ, अगस्तकुंडा, थाना दशाश्वमेध के रूप में की।
दशाश्वमेध पुलिस की कार्रवाई
जांच के क्रम में पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जहां उसके पास से वायरल वीडियो में दिखाई गई गन बरामद हुई। पुलिस द्वारा गहन जांच करने पर उक्त गन टॉय गन (नकली बंदूक) पाई गई। इसके बाद पुलिस ने उसे जब्त कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय का माहौल पैदा करने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वायरल सामग्री की लगातार निगरानी की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष सिंह ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स की होड़ में ऐसे वीडियो पोस्ट करने से बचें, क्योंकि इससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।








