कूरेभार, हलियापुर और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का किया निरीक्षण, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी के निर्देश
सुलतानपुर। आगामी श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने सोमवार को कूरेभार कस्बा, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे तथा थाना हलियापुर क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारी कूरेभार उपेंद्र सिंह को श्रावण मास के दौरान प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए तथा असामाजिक और शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
एसपी ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए यातायात प्रबंधन को सुचारु बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने श्रद्धालुओं एवं जनपदवासियों से यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या आपातकालीन सेवा 112 पर देने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रावण मास और कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।






