संतकबीरनगर। महुली थाना क्षेत्र के रेवटा गांव में शनिवार देर रात आयोजित एक मुंडन समारोह के दौरान मामूली विवाद हिंसक हो गया। डीजे पर नृत्य करते समय दो किशोरों के बीच कहासुनी के बाद एक किशोर ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में 16 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया। वहां उसका उपचार चल रहा है।
डीजे पर नृत्य के दौरान हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, रेवटा गांव निवासी स्वामीनाथ के नाती का मुंडन समारोह आयोजित था। कार्यक्रम में गांव का ही 16 वर्षीय अंकित, पुत्र बिचारे, भी शामिल था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डीजे पर नृत्य के दौरान किसी बात को लेकर अंकित और गांव के ही एक अन्य किशोर के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोप है कि दूसरे किशोर ने गुस्से में आकर अंकित पर चाकू से हमला कर दिया।
पेट में चाकू लगने से बिगड़ी हालत
हमले में अंकित के पेट सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। चाकू लगते ही वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। परिजन और ग्रामीण उसे तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसका ऑपरेशन किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
समझौते की कोशिश, पुलिस को नहीं मिली तहरीर
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी किशोर के परिजन ही घायल अंकित के इलाज का खर्च उठा रहे हैं और दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास चल रहा है। इसी कारण अब तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है।
सूत्रों के मुताबिक घटना की आधिकारिक सूचना भी महुली पुलिस को नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।








