सुल्तानपुर जिला बार एसोसिएशन चुनाव के परिणाम घोषित हो गए हैं। अध्यक्ष पद पर शारदा प्रताप मिश्र ने जीत दर्ज की, जबकि महासचिव पद पर सूर्यनाथ यादव निर्वाचित हुए। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर शालिनी तिवारी ने बाजी मारी। चुनाव परिणाम सामने आते ही समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।
नगर के खुर्शीद क्लब मैदान परिसर में मतगणना कराई गई। इस बार चुनाव का परिणाम शाम के बजाय दोपहर में ही घोषित हो गया। इसे जिला जज और जिला प्रशासन की बेहतर व्यवस्था से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पहले के चुनावों में मतगणना के परिणाम देर शाम तक आते थे, लेकिन इस बार प्रक्रिया अपेक्षाकृत जल्दी पूरी हुई।
अध्यक्ष पद पर शारदा प्रताप मिश्र ने 550 से अधिक मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि अखिलेश शुक्ला करीब 390 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। महासचिव पद पर सूर्यनाथ यादव ने 220 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर शालिनी तिवारी को 829 मत मिले, जबकि संगीता 718 मत पाकर दूसरे स्थान पर रहीं। सीमा को 239 मत प्राप्त हुए।
हाईकोर्ट की निगरानी में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। मतगणना स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए कुड़वार थानाध्यक्ष प्रवीन कुमार यादव समेत विभिन्न थानों की पुलिस तैनात रही। चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासन की ओर से व्यवस्था बनाए रखने पर ध्यान दिया गया। परिणाम घोषित होने के साथ ही जिला बार एसोसिएशन के प्रमुख पदों पर नई कार्यकारिणी के चयन की तस्वीर साफ हो गई।





















