सुलतानपुर। जिले के कादीपुर कोतवाली क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर 1.07 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई है।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के डड़वाखुर्द निवासी गौरव के अनुसार, 29 जून को वह कादीपुर चौराहे स्थित इंडिया नंबर वन एटीएम से रुपये निकालने गया था। इसी दौरान वहां मौजूद दो युवकों ने मदद करने के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदल दिया।
पीड़ित का आरोप है कि कार्ड बदलने के बाद अगले तीन दिनों में उसके बैंक खाते से कुल 1.07 लाख रुपये निकाल लिए गए। जब खाते से धनराशि निकलने की जानकारी मिली, तब उसे ठगी का एहसास हुआ।
गौरव का कहना है कि उसने तत्काल कादीपुर कोतवाली में शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर एटीएम के सीसीटीवी फुटेज की जांच, आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।








