चयन के पक्ष में सामने आए तीन बड़े कारण
आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन, संजू सैमसन की खराब फॉर्म और आक्रामक बल्लेबाजी बना सकती है टीम इंडिया में जगह
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू का इंतजार अब लंबा नहीं माना जा रहा है। आयरलैंड दौरे पर मौका नहीं मिलने के बाद अब इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले में उनके पदार्पण की संभावना जताई जा रही है।
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने 16 मैचों में 48.50 की औसत और 237.31 की स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए। शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टी20 टीम में जगह मिली।
वैभव को मौका मिलने की एक बड़ी वजह विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की खराब फॉर्म भी मानी जा रही है। संजू ने अपने पिछले तीन टी20 मुकाबलों में केवल 6 रन बनाए हैं। ऐसे में टीम प्रबंधन अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी वैभव सूर्यवंशी को सौंप सकता है।
इसके अलावा वैभव की निडर और आक्रामक बल्लेबाजी शैली भी उनके पक्ष में जाती है। आईपीएल 2026 में उन्होंने 72 छक्के लगाए और पूरे टूर्नामेंट में गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। उनकी तेज रन बनाने की क्षमता टी20 क्रिकेट की जरूरतों के अनुरूप मानी जा रही है।
अब सभी की निगाहें शनिवार को एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में होने वाले दूसरे टी20 मुकाबले पर टिकी हैं। यदि वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाता है, तो यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की यादगार शुरुआत होगी।








