औरैया l अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भादसान में रविवार सुबह खेलते समय तालाब में डूबने से सात वर्षीय मासूम रिशू की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां नीलम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में हर आंख नम दिखाई दी।
जानकारी के अनुसार ग्राम भादसान निवासी रिशू पुत्र शिव सिंह (7) रविवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ तालाब के किनारे खेल रहा था। खेलते-खेलते अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। साथ मौजूद बच्चों ने उसे डूबते देखा तो घबरा गए और शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़कर परिजनों व ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद मासूम को तालाब से बाहर निकाला गया। गंभीर अवस्था में परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मृत घोषित करने के बाद परिजन शव को लेकर घर लौट आए। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
रिशू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। बड़ी बहन शिवानी (10 वर्ष) और छोटी बहन पांच वर्ष की है। भाई की असमय मौत से दोनों बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है। मां नीलम देवी बेटे को याद कर बार-बार बेसुध हो जा रही थीं, जबकि परिजन उन्हें संभालने का प्रयास करते रहे। गांव के लोग भी शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने के लिए उनके घर पहुंचते रहे।
घटना की सूचना पर अजीतमल कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि ग्राम भादसान में सात वर्षीय बालक के तालाब में डूबने से मौत होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
तालाब में डूबने से सात वर्षीय रिशू की मौत, खेलते-खेलते गहरे पानी में समाया मासूम







