दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
खुद को सचिवालय का सचिव बताकर करता था ठगी, चार आरोपी अब भी फरार
पुरवा (उन्नाव), 27 जून। सचिवालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 60 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने दूसरे आरोपी विजय सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी स्वयं को सचिवालय का सचिव बताकर लोगों को प्रभाव में लेता था। इस संबंध में 29 जुलाई 2025 को मुकदमा दर्ज कराया गया था।
पीड़ित राजेश और प्रेमशंकर ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि सुनील कुमार पांडेय और उसके पांच साथियों ने सचिवालय में नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर उनसे 60 लाख रुपये ले लिए। काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं मिली। जब पीड़ितों ने अपनी धनराशि वापस मांगी तो आरोपियों ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने सुनील कुमार पांडेय समेत अन्य आरोपियों के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
थानाध्यक्ष भवन सिंह मौर्य ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी सुनील कुमार पांडेय को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब दूसरे आरोपी विजय सिंह, निवासी आदर्श नगर, शुक्लागंज, को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अभी चार आरोपी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।







