उन्नाव। नगर पंचायत ऊगू में भ्रष्टाचार की शिकायत करने वाले सदस्यों को प्रभावशाली लोगों की ओर से फर्जी आरोप में फंसाने का डर सता रहा है। सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर सुरक्षा की मांग की है।
ऊगू नगर पंचायत के सदस्य अनुराग पटेल, नितिन कुमार, गीता, कुसुमा, देशराज, दीपिका सिंह आदि ने पिछले दिनों ऊगू नगर पंचायत में विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की थी। डीएम घनश्याम मीणा ने जांच कराने का आश्वासन दिया था। शिकायत करने वाले सदस्यों ने सोमवार को एसपी से मिलकर प्रार्थनापत्र दिया। आशंका जताई है कि आरोपी काफी प्रभावशाली हैं और वह शिकायत करने वाले सदस्यों को किसी झूठे मामले में फंसाने की साजिश रच रहे हैं।
एसपी को यह भी बताया कि पूर्व में एक सदस्य के खिलाफ राजनीतिक द्वेष में अनुसूचित जाति उत्पीड़न के तहत प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा और किसी भी झूठी शिकायत की निष्पक्ष जांच कराने के बाद ही प्राथमिकी दर्ज करने या किसी अन्य तरह की कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।








