रामनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डिजिटल साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस से आरोपी तक पहुंची टीम
विनोद कुमार सिंह अंशु
(बाराबंकी)। रामनगर पुलिस ने घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 6.25 लाख रुपये से अधिक की नकदी तथा बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, लोधौरा गांव निवासी ललिता किन्नर ने 8 जुलाई को थाना रामनगर में तहरीर देकर बताया था कि उनके यहां काम करने वाला नौकर विवेक सिंह उर्फ गोलू उर्फ बिछी उनकी गैरमौजूदगी में घर से नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर थाना रामनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में गठित टीम ने डिजिटल साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर शुक्रवार को पुराने हाईवे के पास से आरोपी विवेक सिंह उर्फ गोलू उर्फ बिछी, निवासी रसूलपुर, थाना सोहरामऊ, जनपद उन्नाव को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 6,25,300 रुपये नकद, सोने की अंगूठियां, चेन, बालियां, नाक की कील, लॉकेट, सिक्के, टप्स सहित अन्य आभूषण तथा चांदी की पायल, बिछिया, अंगूठियां, चेन, कुण्डल, हाथफूल, चांदी के बिस्किट और सिक्के बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने 8 जुलाई को वादिनी की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर नकदी और जेवरात चोरी किए थे। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी कर दी है। यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रजनीश कुमार पाण्डेय व पुलिस टीम ने की। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।







