एआरटीओ और कार्यवाहक यातायात प्रभारी अरिमर्दन सिंह की संयुक्त टीम ने देर रात तक की चेकिंग, नियम तोड़ने वालों पर हुई कार्रवाई।
रायबरेली। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से शनिवार देर शाम ऊंचाहार क्षेत्र स्थित चुरुवा टोल प्लाजा पर परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया। देर रात तक चले इस अभियान में ड्रिंक एंड ड्राइव सहित विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई वाहनों के चालान किए गए।
अभियान के दौरान एआरटीओ और कार्यवाहक यातायात प्रभारी अरिमर्दन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे। वाहनों को रोककर ब्रेथ एनालाइजर से शराब सेवन की जांच की गई। साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी, बीमा और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया।
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मौके पर ही मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण भी है।
परिवहन विभाग और यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित एवं जिम्मेदार ढंग से वाहन चलाने की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनहित और सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
#Hashtags:







