विश्वनाथ गली व्यापार मंडल की पुलिस संग बैठक
वाराणसी। सावन माह में बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए उमड़ने वाली भारी भीड़ और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर सोमवार को विश्वनाथ गली व्यवस्थापिक समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने दशाश्वमेध थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह और चौकी प्रभारी के साथ क्षेत्र की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में व्यापारियों ने बताया कि सावन के दौरान सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण स्थानीय व्यापार प्रभावित होता है। उन्होंने मांग की कि जब भी श्रद्धालुओं की भीड़ कम हो, तब मुख्य द्वार का मार्ग खोला जाए ताकि स्थानीय व्यापारी और क्षेत्रवासी आसानी से आवागमन कर सकें।
इस पर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। हालांकि, भीड़ कम होने पर परिस्थितियों के अनुसार मार्ग खोला जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विश्वनाथ गली के स्थानीय व्यापारी और निवासी आधार कार्ड दिखाकर आवागमन कर सकेंगे, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बैठक में व्यापारियों ने विश्वनाथ गली में दलाल के रूप में सक्रिय बाहरी लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठाई। इस पर पुलिस ने भरोसा दिलाया कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमित अभियान चलाया जा रहा है और सावन के पूरे महीने विशेष निगरानी रखी जाएगी। साथ ही व्यापारियों से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।
बैठक में विश्वनाथ गली व्यवस्थापिक समिति के अध्यक्ष विनीत कुमार मिश्र, महामंत्री अजय तिवारी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवीन गिरी, संत लाल दूबे, कोषाध्यक्ष रतन सिंह सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी, क्षेत्रीय निवासी और बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।







