पुलिस टीम को ₹25 हजार पुरस्कार
राणा प्रताप राय, धनघटा
संतकबीरनगर। संतकबीरनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कबीर चौरा समाधि स्थल, मगहर में महिला से मंगलसूत्र झपटने की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक ने सराहनीय कार्य करने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली खलीलाबाद, सर्विलांस सेल एवं एंटी थेफ्ट टीम की संयुक्त कार्रवाई में दोनों अभियुक्तों को असरफाबाद से रसूलपुर जाने वाले मार्ग के निकट गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार एवं संजय कुमार के रूप में हुई है। दोनों आरोपी गोरखपुर जनपद के देवरिया सूरस गांव के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अदद लूटा गया मंगलसूत्र (लॉकेट सहित) तथा घटना में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटी संख्या यूपी-53 एफबी-6252 बरामद की है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने जेब खर्च और मौज-मस्ती के लिए रुपये जुटाने के उद्देश्य से इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद वे लूटे गए मंगलसूत्र को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में जा रहे थे, तभी पुलिस टीम ने उन्हें दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।







