वैष्णवी और सना ने बढ़ाया जिले का मान
उन्नाव/सफीपुर। जिले की दो होनहार बेटियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) 2026 में पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। वैष्णवी गुप्ता और सना की इस उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
बिना कोचिंग वैष्णवी ने हासिल की शानदार सफलता
शहर के इंद्रानगर निवासी और मूल रूप से बीघापुर ब्लॉक के जगतखेड़ा की रहने वाली वैष्णवी गुप्ता ने नीट परीक्षा में 616 अंक प्राप्त किए हैं। उन्हें कैटेगरी रैंक 600 और ऑल इंडिया रैंक (AIR) 5,766 मिली है।
वैष्णवी अपनी सफलता का श्रेय अपने सेवानिवृत्त कानूनगो बाबा गया प्रसाद गुप्ता, माता-पिता और बड़े भाई आकाश गुप्ता को देती हैं। उन्होंने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में भी जिला टॉपर रहते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था।
वैष्णवी की सफलता की खास बात यह रही कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग के ऑनलाइन अध्ययन के माध्यम से यह मुकाम हासिल किया।
म
दरसे की छात्रा सना भी बनेंगी डॉक्टर
सफीपुर कस्बे के मोहल्ला मीर बाजार स्थित मदरसा सफी मखदूमिया की छात्रा सना ने भी पहले ही प्रयास में NEET परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्होंने 256 अंक प्राप्त किए हैं।
सना राहतगंज बाजार निवासी नाजिम अली और हिना की पुत्री हैं। उनके माता-पिता दोनों अल्पसंख्यक मिनी आईटीआई में प्रशिक्षक हैं। सना का सपना डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है और वह अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देती हैं।
सफलता का मंत्र भी बताया
दोनों छात्राओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण संदेश दिया।
- वैष्णवी गुप्ता ने कहा कि यदि स्पष्ट लक्ष्य बनाकर नियमित और ईमानदारी से पढ़ाई की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है।
- सना ने सलाह दी कि अत्यधिक पढ़ाई करने के बजाय एकाग्रता के साथ नियमित अध्ययन करें और मोबाइल का उपयोग केवल पढ़ाई के उद्देश्य से करें।
दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि ने जिले के अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित किया है।























