झांसी। वार्ड नंबर 3 के यूके गार्डन के पीछे स्थित भट्टा गांव क्षेत्र में कई घरों के बाहर लगे सरकारी पेयजल नलों की टोटियां चोरी होने से क्षेत्रवासियों में भारी रोष है। टोटियां चोरी होने के कारण लगातार पानी की बर्बादी हो रही है और लोगों को रोजमर्रा के उपयोग के लिए पानी भरने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टोटी चोर अपने एक साथी के साथ वारदात को अंजाम देता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। बताया जा रहा है कि भट्टा गांव में कई स्थानों पर इसी गिरोह द्वारा सरकारी नलों की टोटियां चोरी की गई हैं।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन, जल संस्थान और पुलिस से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा चोरी हुई सभी टोटियों को तत्काल दोबारा लगाया जाए। साथ ही क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
सरकारी संपत्ति की सुरक्षा और आम जनता को निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






