उन्नाव। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अचलगंज पुलिस ने लूट की वारदात में प्रयुक्त टाटा सफारी कार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना अचलगंज में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 43/2026, धारा 309(6) एवं 318(4) बीएनएस के तहत विवेचना के दौरान सूचना मिली कि घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की काले रंग की टाटा सफारी आजाद मार्ग चौराहे से कानपुर की ओर जा रही है।
सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस टीम ने वाहन का पीछा करते हुए कानपुर नगर के कोयला नगर क्षेत्र (थाना चकेरी) में उसे ओवरटेक कर रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान ऋषभ बाजपेई (29) पुत्र निवासी ग्राम गुलरिहा, थाना मौरावां, जनपद उन्नाव तथा वर्तमान पता गंगापुर कॉलोनी, यशोदा नगर, कानपुर नगर के रूप में बताई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अचलगंज थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टाटा सफारी कार (संख्या यूपी-78 एचआर-4333) बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपितों की तलाश और जांच जारी है








