तीन किलोमीटर लंबा जाम; दो घंटे बाद बहाल हुआ यातायात
रिपोर्टर -:अभिनव यादव
उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र में लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह दो डंपरों की टक्कर के बाद करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। हादसे के कारण हाईवे पर लगभग दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर हटाकर यातायात सामान्य कराया।
पीछे से टक्कर मारने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सोहरामऊ थाना क्षेत्र के आशाखेड़ा गांव के पास बुधवार सुबह करीब 10 बजे लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहा तेज रफ्तार डंपर आगे चल रहे दूसरे डंपर से पीछे से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे वाला डंपर बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क के बीचोंबीच खड़ा हो गया।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त डंपर का चालक मौके से फरार हो गया, जबकि आगे चल रहे डंपर का चालक वाहन लेकर आगे निकल गया।
तीन किलोमीटर तक लगा जाम
सड़क के बीच डंपर खड़े होने से कानपुर जाने वाली लेन पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। देखते ही देखते करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। उमस भरी गर्मी में राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान एक लेन पर वाहन धीमी गति से रेंगते रहे।
दो घंटे बाद सामान्य हुआ यातायात
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाइड्रा मशीन की सहायता से क्षतिग्रस्त डंपर को हटवाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद यातायात पूरी तरह सामान्य हो सका।
सोहरामऊ थाना प्रभारी अरविंद पांडेय ने बताया कि डंपर चालक मौके से फरार हो गया है। वाहन को हटाकर हाईवे पर यातायात सुचारू करा दिया गया है।







