बांगरमऊ। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार की शाम तेज रफ्तार इनोवा का टायर फट गया। इससे बेकाबू कार कई बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। इस हादसे में मासूम सहित सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
नगर के मोहल्ला गुलाम मुस्तफा निवासी विकास गुप्ता की पत्नी शिवानी, कस्बा टोला निवासी सुंदरलाल की पत्नी शिव देवी, राजेंद्र गुप्ता का पुत्र नैतिक गुप्ता, नौनिहालगंज निवासी विकास गुप्ता की पत्नी शीलू गुप्ता, पुत्र एक वर्षीय चुन्नू, कन्नौज निवासी मनोज की पत्नी मीना, बिल्हौर निवासी अशोक गुप्ता की पत्नी शालू सहित सात लोग इनोवा कार से लखनऊ में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम में जा रहे थे। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 250 के निकट कार का टायर फट गया। टायर फटते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और इनोवा कई बार पलट गई। इससे चीख पुकार मच गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस व यूपीडा की रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को कार से निकालकर सीएचसी पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल चुन्नू को परिजन सीधे लखनऊ ले गए हैं। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया।








