असोहा। असोहा-भल्लाफार्म मार्ग पर कांथा गांव के बाहर तेज रफ्तार बाइक सवार सड़क पार कर रहे मवेशी से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। नवाबगंज सीएचसी लाने पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
थानाक्षेत्र के कांथा गांव निवासी अंकित (24) पुत्र स्व. मोहन गौतम भल्लाफार्म स्थित कंपनी के वेयरहाउस में काम करता था। बृहस्पतिवार की देर शाम वह बाइक से ड्यूटी पर जाने के लिए निकला था। असोहा-भल्लाफार्म मार्ग पर कांथा गांव के बाहर सड़क पर चल रहे मवेशी से टकराकर घायल हो गया। राहगीरों ने एंबुलेंस से नवाबगंज सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शव देख परिजन बेहाल हो गए। बड़े भाई शिवचंद ने बताया कि अंकित तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत से मां जमुना देई और अन्य परिजन बेहाल हैं। एसओ फूल सिंह ने बताया कि तहरीर आने पर शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।







