बाराबंकी। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छोटा सुरजवापुर मजरे लालपुर राजपुर में शुक्रवार को सूने पड़े घर का ताला तोड़कर चोर नकदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। पीड़ित ने डायल 112 पर सूचना देने के साथ पुलिस चौकी हथौधा में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम छोटा सुरजवापुर निवासी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परिवार के सभी सदस्य पास ही बने नए मकान में थे। लगातार बारिश होने के कारण पुराने घर में कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया।
चोर बक्से में रखे करीब 1,500 रुपये नकद, सोने की अंगूठी, नथ तथा बच्चे का चांदी का खगौरा समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए।
दोपहर करीब एक बजे बारिश थमने के बाद जब परिवार के सदस्य पुराने घर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। घटना का पता चलते ही डायल 112 पर सूचना दी गई। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस चौकी हथौधा पहुंचकर तहरीर देते हुए चोरी का खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि चोरी की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।








