उन्नाव। शहर के एक दोना-पत्तल कारखाने में करंट लगने से एक श्रमिक की मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने रविवार को कारखाने पर शव रखकर मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया। सदर विधायक और पुलिस के हस्तक्षेप के बाद दो लाख रुपये मुआवजे पर सहमति बनी। यह घटना शनिवार दोपहर कृष्णा नगर मोहल्ले में स्थित कारखाने में हुई थी।
सदर कोतवाली के मोहल्ला गिरजाबाग निवासी सत्यम उर्फ सूरज (24) की शनिवार दोपहर कृष्णा नगर स्थित दोना-पत्तल कारखाने में करंट की चपेट में आकर मौत हो गई थी। पिता देवेंद्र कुमार ने कारखाना संचालक पुरानी बाजार निवासी ज्ञानेंद्र दीक्षित व कृष्णानगर निवासी धर्मेंद्र सोनी पर बेटे पर जबरन मशीन का तार जोड़ने का दबाव बनाने का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी थी। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजन शव लेकर कृष्णा नगर स्थित कारखाने पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे।
हंगामे की सूचना पाकर सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा पहुंचे और परिजन को समझाने का प्रयास किया पर वे मुआवजे की मांग पर अड़े रहे। इसके बाद सदर विधायक पंकज गुप्ता भी मौके पर पहुंचे। विधायक और कोतवाल की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। इसमें दो लाख रुपये मुआवजा और 20 हजार रुपये अंतिम संस्कार के लिए देने पर सहमति बनी।
सहमति के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। विधायक पंकज गुप्ता ने परिवार को किसान दुर्घटना बीमा से भी आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है। कोतवाल चंद्रकांत मिश्रा ने बताया कि परिजनों और कारखाना संचालकों के बीच आपसी सहमति बन गई है। यह समझौता पुलिस और जनप्रतिनिधि की मध्यस्थता से संभव हो पाया








