औरास। थाना क्षेत्र के चक बलेसर गांव में चोरों ने एक घर में नकब लगाकर नकदी व जेवर समेत दो लाख से अधिक का माल पार कर दिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।
थाना क्षेत्र के चक बलेसर गांव निवासी किसान अभिनय कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। उसने बताया कि शुक्रवार रात चोरों ने घर के पिछले हिस्से की दीवार में नकबजनी की। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी से दस हजार रुपये की नकदी व जेवरात पार कर दिए। शनिवार सुबह से सामान बिखरा देख घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पीआरवी भी पहुंची और जांच के बाद थाने में तहरीर देने की बात कह कर चली गई। पीड़ित के मुताबिक चोरी गए जेवरों की कीमत करीब दो लाख रुपये है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने बताया कि उन्हें कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।







