चकलवंशी। कानपुर-बालामऊ रेलमार्ग पर माखी स्टेशन से करीब 400 मीटर आगे ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। युवक के कान में लीड लगी थी जिससे उसे ट्रेन के हॉर्न की आवाज नहीं सुनाई दी। घटना बुधवार शाम करीब चार बजे हुई।
माखी थाना क्षेत्र के मोहल्ला सराय निवासी सुनील उर्फ गंगाप्रसाद (22) पुत्र महेश दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था। वह दो महीने पहले ही घर आया था। बुधवार दोपहर मवेशी चराने गया था। कानपुर-बालामऊ पैसेंजर ट्रेन बालामऊ की ओर जा रही थी। माखी स्टेशन मास्टर प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन 3:55 बजे स्टेशन से छूटी थी। करीब 400 मीटर आगे ट्रैक पार करते समय सुनील ट्रेन की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद ट्रेन चालक ने गाड़ी रोक दी और मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने पहुंचकर भीड़ को हटाया। करीब आधे घंटे बाद ट्रेन आगे बढ़ सकी। पुलिस ने एंबुलेंस से सुनील को जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सुनील पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। थानाध्यक्ष योगेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने मोबाइल कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया है।






