तराई के 10 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 19 से 21 जुलाई तक पूरे प्रदेश में तेज बारिश के आसार
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 33 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि 45 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी दी गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 19 से 21 जुलाई के बीच मानसून और अधिक सक्रिय रहेगा, जिससे पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।
शनिवार को पूर्वांचल और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 141.6 मिमी वर्षा गोरखपुर में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मिर्जापुर में 80 मिमी, लखीमपुर खीरी में 70.4 मिमी, वाराणसी में 64 मिमी और सुल्तानपुर में 58 मिमी बारिश हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ ने महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर सहित तराई के 10 जिलों में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 23 अन्य जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट और 45 जिलों में वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले तीन दिनों में प्रदेशभर में वर्षा की गतिविधियां और तेज होंगी। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
हैशटैग:







