भारतीय सेना का मुंहतोड़ जवाब
राजौरी के बाद बालाकोट सेक्टर में एलओसी पर बढ़ी हलचल, भारतीय जवानों की सतर्कता से नाकाम हुई घुसपैठ की कोशिश
जम्मू। पाकिस्तान ने एक बार फिर नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में भारतीय चौकियों पर गोलीबारी की। भारतीय सेना ने तत्काल और प्रभावी जवाब दिया। दोनों ओर से करीब एक घंटे तक रुक-रुक कर फायरिंग हुई, जिसके बाद दोपहर करीब 12 बजे स्थिति सामान्य हो गई।
सूत्रों के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे पाकिस्तान की चौकियों से यूनिवर्सल मशीन गन (यूएमजी) सहित अन्य हथियारों से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया गया। भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी गोलीबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।
इससे पहले शुक्रवार रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच एलओसी पर तैनात भारतीय जवानों ने संदिग्ध गतिविधियां देखीं। आशंका है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) की ओर से आतंकियों ने भारतीय सीमा में घुसपैठ का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान पाकिस्तानी सेना ने घुसपैठ को कवर देने के लिए गोलीबारी शुरू कर दी।
भारतीय सेना पहले से सतर्क थी। जवानों ने छोटे हथियारों से जवाबी फायरिंग कर घुसपैठ की कोशिश को विफल कर दिया। दोनों पक्षों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी होती रही, जिसके बाद पाकिस्तान की ओर से फायरिंग बंद हो गई।
सुरक्षा मामलों के जानकारों का मानना है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और बलोचिस्तान में बने हालात के बीच पाकिस्तान एलओसी पर उकसावे की घटनाएं बढ़ा सकता है। उनका कहना है कि अतीत में भी पाकिस्तान आंतरिक परिस्थितियों से ध्यान हटाने के लिए सीमा पर तनाव बढ़ाने की कोशिश करता रहा है। हालांकि, इस आकलन की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।







