वाराणसी। आगामी एयर शो, दुर्गापूजा, रामलीला और अन्य त्योहारों के साथ विधान परिषद निर्वाचन-2026 को लेकर वाराणसी पुलिस ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार, 9 अक्टूबर को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने राजपत्रित अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी बढ़ाने और संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
एयर शो के मद्देनजर गंगा घाटों के प्रवेश और निकास मार्गों, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, पार्किंग, ड्रॉपिंग जोन और वीवीआईपी आवागमन की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। गंगा नदी के दोनों तटों और प्रमुख स्थलों को अलग-अलग जोन व सेक्टर में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाएगी। जरूरत के अनुसार अस्थायी पुलिस थाने स्थापित करने, पर्याप्त पुलिस बल और संसाधन उपलब्ध रखने तथा संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी करने के निर्देश दिए गए। वीवीआईपी आगमन के लिए हेलीपैड, पार्किंग और वैकल्पिक रूट व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
आगामी त्योहारों को लेकर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी धार्मिक या सांस्कृतिक आयोजन में नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी। दुर्गापूजा पंडालों, रामलीला मंचों और रावण दहन स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, प्रवेश-निकास की व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाने, नियमित पेट्रोलिंग करने और महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। आयोजकों को सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण नहीं करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग करने के निर्देश भी दिए गए।
वहीं, विधान परिषद निर्वाचन-2026 की मतदान और मतगणना प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST), पुलिस बल की तैनाती, स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल की सुरक्षा की समीक्षा की गई। मतपेटियों और बैलेट पेपर के सुरक्षित परिवहन से लेकर स्ट्रांग रूम तक पहुंचाने की प्रक्रिया में निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने को कहा गया। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा, डीसीपी काशी जोन गौरव बंशवाल, डीसीपी वरुणा जोन राजेश कुमार पांडेय, डीसीपी गोमती जोन नीतू समेत अन्य राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे।





















