वाराणसी। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को वाराणसी पुलिस प्रशासन ने चौक थाना क्षेत्र से नई सड़क तक भव्य रूट मार्च निकाला। रूट मार्च में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार स्वयं मौजूद रहे तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
रूट मार्च के दौरान अधिकारियों ने दालमंडी क्षेत्र में हुए सड़क चौड़ीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया और ताजिया जुलूस के मार्ग का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं ताजियादारों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि जुलूस में 12 फीट तक ऊंची ताजिया निकालने की अनुमति दी गई है। साथ ही, जुलूस के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचाई की ताजिया निकाले जाने की स्थिति में उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित ताजियादार की होगी।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए पूरे जुलूस मार्ग की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से की जाएगी। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ लगातार मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी की गई है।
पुलिस कमिश्नर ने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और आपसी भाईचारे के साथ मुहर्रम मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।








