संजू सैमसन पर टीम इंडिया का भरोसा बरकरार: मोर्ने मोर्कल
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 से पहले बॉलिंग कोच ने कहा— वर्ल्ड कप जिताने वाले खिलाड़ियों का करेंगे समर्थन, वैभव को मौका मिलने पर बड़ी उम्मीद।
नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे टी20 मुकाबले से पहले युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू को लेकर चल रही चर्चाओं पर टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल ने स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने संकेत दिए कि फिलहाल टीम मैनेजमेंट संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा पर अपना भरोसा बनाए रखेगा।
संजू सैमसन हाल के मुकाबलों में बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर अब तक तीन पारियों में वह दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए हैं। इसके बावजूद मोर्कल ने कहा कि टीम उन खिलाड़ियों का साथ नहीं छोड़ेगी जिन्होंने हाल के वर्षों में शानदार प्रदर्शन किया है।
मोर्कल ने कहा, “हमारे पास अभिषेक शर्मा के रूप में दुनिया के नंबर-1 टी20 बल्लेबाज हैं और संजू सैमसन ने पिछले टी20 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने आईपीएल में भी बेहतरीन खेल दिखाया है। कोचिंग स्टाफ के तौर पर हमारा काम खिलाड़ियों पर भरोसा रखना और उनका समर्थन करना है।”
उन्होंने कहा कि किसी खिलाड़ी को प्लेइंग-11 से बाहर करना आसान फैसला नहीं होता। टीम उन खिलाड़ियों पर विश्वास बनाए रखना चाहती है जिन्होंने मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा प्रदर्शन कर भारत को सफलता दिलाई है।
15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की तारीफ करते हुए मोर्कल ने कहा कि युवा बल्लेबाज ने नेट्स में काफी प्रभावित किया है और वह टीम के माहौल में अच्छी तरह घुलमिल गए हैं।
उन्होंने कहा, “इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेट्स में अभ्यास करना चुनौतीपूर्ण होता है, लेकिन वैभव का प्रदर्शन अब तक प्रभावशाली रहा है। हम भी उनके खेलने का इंतजार कर रहे हैं। जब भी उन्हें मौका मिलेगा, हमें पूरा भरोसा है कि वह अच्छा प्रदर्शन करेंगे।”
मोर्कल के बयान से साफ है कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 में वैभव सूर्यवंशी के डेब्यू की संभावना फिलहाल कम नजर आ रही है, जबकि टीम मैनेजमेंट अपने अनुभवी खिलाड़ियों पर भरोसा बनाए रखना चाहता है।








