उन्नाव। फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के दबौली गांव के पास गंगा में नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ निवासी हर्ष अपने चार साथियों के साथ शनिवार को तीन बाइकों से दबौली गांव में दुकानों पर फोनपे साउंड बॉक्स लगाने के कार्य से आया था। काम पूरा करने के बाद शाम करीब छह बजे सभी दोस्त कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग स्थित गंगा किनारे कटान क्षेत्र में स्नान करने पहुंचे।
नहाने के दौरान श्रेयांश तिवारी (21) पुत्र विमलेश कुमार, निवासी ख्वाजगीपुर करोवन, सदर कोतवाली (लखनऊ) का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। साथियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फतेहपुर चौरासी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से युवक की तलाश शुरू कराई।
थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि गंगा में डूबे युवक की तलाश स्थानीय गोताखोरों की मदद से लगातार की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक युवक का पता नहीं चल सका था।








