इमाम खुमैनी हुसैनीया में दिखी भारी तबाही
तेहरान। ईरान ने पूर्व सुप्रीम लीडर Ali Khamenei के तेहरान स्थित आवास का पहला आधिकारिक वीडियो जारी किया है। 35 सेकंड के इस फुटेज में इमाम खुमैनी हुसैनीया हॉल में हमले के बाद हुई भारी तबाही और मलबा साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो ऐसे समय जारी किया गया है, जब खामेनेई के अंतिम संस्कार की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है।
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजरायल द्वारा 28 फरवरी 2026 को तेहरान पर किए गए हमले में अली खामेनेई की मौत हो गई थी। उनके पार्थिव शरीर को पहले तेहरान के ग्रैंड मोसाला में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इसके बाद तेहरान और क़ोम से होकर अंतिम यात्रा निकाली गई। गुरुवार को उन्हें उनके गृह नगर Mashhad में दफनाया जाना है। अंतिम संस्कार यात्रा का समापन मशहद के अलावा क़ोम और इराक के पवित्र शिया शहर Najaf तथा Karbala में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के साथ होगा।
अमेरिका-ईरान तनाव फिर बढ़ा
इस बीच अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर गहरा गया है। अमेरिका ने ईरान के कई ठिकानों पर नए हवाई हमले किए हैं। इसके बाद गुरुवार तड़के Kuwait, Bahrain और Qatar में संभावित ईरानी मिसाइल हमले की चेतावनी के तहत अलर्ट सायरन बजाए गए। हालांकि, तीनों देशों में किसी प्रकार के नुकसान की तत्काल पुष्टि नहीं हुई है।
अमेरिका का कहना है कि यह कार्रवाई मंगलवार को जलडमरूमध्य से गुजर रहे तीन मालवाहक जहाजों पर हुए हमलों के जवाब में की गई। ताजा हमलों के बाद ईरान के दक्षिणी तटीय इलाकों में दहशत का माहौल है और कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है।






















