भाई की बारात की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, चेहरा, हाथ और पेट बुरी तरह झुलसे
दिलीप सिंह अलीगंज एटा
जनपद एटा के विकासखंड अलीगंज क्षेत्र के गांव नगला उम्मेद में देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। परिवार में छोटे भाई की बारात जाने के दौरान घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच खेलते-खेलते तीन वर्षीय मासूम बच्ची खौलती सब्जी की कड़ाही में गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने आनन-फानन में एंबुलेंस की सहायता से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में सोमवार की सुबह करीब 10 एटा के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, चाहत पुत्री धर्मेंद्र, उम्र तीन वर्ष, निवासी नगला उम्मेद स्थित अपने घर में खेल रही थी। इसी दौरान परिवार में शादी का माहौल था और उसके चाचा की बारात गई हुई थी। घर की महिलाएं भोजन बनाने की तैयारियों में जुटी थीं। बच्ची की मां सरिता ने चूल्हे पर सब्जी तैयार कर खौलती कड़ाही को नीचे उतारकर रख दिया था।
इसी बीच खेलते-खेलते मासूम चाहत कड़ाही के पास पहुंच गई और अचानक असंतुलित होकर उसमें गिर गई। कड़ाही में भरी खौलती सब्जी उसके ऊपर गिर गई, जिससे उसका चेहरा, दोनों हाथ और पेट बुरी तरह झुलस गया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत बाहर निकाला।
“शादी की खुशियां अचानक दुख में बदल गईं” : पिता धर्मेंद्र
घायल बच्ची के पिता धर्मेंद्र ने बताया कि परिवार में उनके भाई की बारात गई हुई थी और घर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। उनकी पत्नी ने चूल्हे पर सब्जी बनाकर कड़ाही उतारकर रखी थी। इसी दौरान उनकी बेटी खेलते हुए खौलती सब्जी में गिर गई। उन्होंने बताया कि हादसे में बच्ची का चेहरा, हाथ और पेट गंभीर रूप से जल गया है। उन्होंने कहा कि शादी वाले घर में जहां खुशियों का माहौल था, वहीं इस हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया।
एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, गंभीर हालत में किया रेफर
हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस के माध्यम से बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सोमवार की सुबह करीब 10 बजे बच्ची की हालत गंभीर होने और शरीर का काफी हिस्सा झुलस जाने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए एटा के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।







