एंबुलेंस फंसने पर पुलिस की कार्रवाई
उन्नाव। जिला अस्पताल के बाहर जाम लगाकर प्रदर्शन करने और एंबुलेंस का रास्ता बाधित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह हंगामा हत्या के प्रयास के मामले में जेल भेजे गए एक आरोपी की अस्पताल में मौत के बाद हुआ था।
मामला आसीवन थाना क्षेत्र के बेगमनगर गांव का है। 21 जून को अनस (22) नुरुल्लानगर निवासी एक युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। आरोप है कि युवती के पिता शफीक (50) और भाई आदिल ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद अनस के परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों की कथित रूप से मारपीट की।
अनस को गंभीर चोटें आने पर उसके भाई खुर्शीद की तहरीर पर पुलिस ने 22 जून को शफीक और उसके बेटे आदिल के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया था। मेडिकल परीक्षण के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।
बुधवार को जेल में शफीक की तबीयत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और समर्थकों ने अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। जाम के कारण एक एंबुलेंस भी फंस गई और अन्य लोगों को भी आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इस मामले में अस्पताल चौकी प्रभारी अंजनी सिंह की तहरीर पर पुलिस ने 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं, मृतक शफीक की पत्नी अफसाना ने अनस और अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उन्होंने कोई लिखित तहरीर पुलिस को नहीं दी थी।
सदर कोतवाल चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि जाम लगाकर यातायात बाधित करने के मामले में 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूरे प्रकरण की जांच आसीवन थाना पुलिस कर रही है।
#UnnaoNews, #Safipur, #RoadJam, #Ambulance, #PoliceAction, #CrimeNews, #UPNews, #BreakingNews








