लखनऊ: यात्रियों की जगह सामान ढो रही थीं बसें,
लखनऊ। राज्य कर (GST) विभाग के सचल दल ने ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्रियों की बजाय माल ढो रही नौ बसों को पकड़ा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन बसों के जरिए दिल्ली से बिना वैध दस्तावेजों और ई-वे बिल के सामान लाकर कर चोरी की जा रही थी।
विभाग की टीम ने लखनऊ आने वाले प्रमुख मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पकड़ी गई नौ बसों को राज्य कर विभाग कार्यालय लाया गया, जहां उनमें मिले माल का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के बाद कर चोरी की पुष्टि होने पर संबंधित बस संचालकों और माल मालिकों के विरुद्ध जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राज्य कर विभाग, जोन-प्रथम के अपर आयुक्त मनोज कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि यह अभियान जोन-दो के अपर आयुक्त अमरेश त्रिपाठी के साथ संयुक्त रूप से चलाया गया। कार्रवाई में विभाग की पांच सचल दल इकाइयों ने हिस्सा लिया। जांच में बसों से बिना ई-वे बिल और अन्य वैध प्रपत्रों के माल बरामद हुआ।
अभियान में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आस्था बंसल, रमेश कुमार, श्याम सुंदर पाठक, खुश्बू, रवीश कुमार सिंह और श्याम वीर सिंह सहित परिवहन विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।
मुख्य बिंदु
- ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत जीएसटी विभाग की बड़ी कार्रवाई।
- यात्रियों की बजाय सामान ढो रही 9 बसें पकड़ी गईं।
- बिना ई-वे बिल और वैध दस्तावेजों के माल मिला।
- दिल्ली से कर चोरी कर सामान लाने का संदेह।
- माल का भौतिक सत्यापन जारी, पुष्टि के बाद जुर्माना और कानूनी कार्रवाई होगी।







