एक्टर ने बताई वजह; तीन साल पुराने हादसे को भी किया याद
पृथ्वीराज सुकुमारन ने साल 2023 में हुए उस स्टंट हादसे के बारे में बात की है, जिसने एक्शन सीन करने के उनके तरीके को बदल दिया। एक्टर ने बताया कि उनके बाएं पैर में टाइटेनियम के तीन स्क्रू लगे हैं। एक्टर ने कहा कि इस चोट ने उन्हें एहसास कराया कि पल भर की एक दुर्घटना न सिर्फ उन पर, बल्कि पूरे फिल्म प्रोडक्शन पर असर डाल सकती है।
‘बाएं घुटने में लगी थी गंभीर चोट’
अभिनेता ने अपनी क्राइम थ्रिलर ‘आई, नोबडी’ के प्रमोशन के दौरान हाल ही में ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ से बात करते हुए कहा कि वे अपने एक्शन सीन खुद करने के लिए जाने जाते हैं, लेकिन अब वे खतरनाक स्टंट करने को लेकर बहुत ज्यादा सावधान हो गए हैं। उस हादसे के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं साल 2023 में एक और फिल्म की शूटिंग कर रहा था। मेरी पहचान है कि मैं अपने एक्शन सीन खुद करता हूं। एक स्टंट सीन करते समय मेरा एक्सीडेंट हो गया और मेरे बाएं घुटने में काफी गंभीर चोट आई। मुझे तीन सर्जरी करवानी पड़ीं और अब मेरे बाएं पैर में टाइटेनियम के तीन स्क्रू लगे हैं’।
अभिनेता ने आगे कहा कि हादसे का असर सिर्फ उनकी सेहत पर नहीं पड़ा, बल्कि फिल्म पर भी हुआ। उन्होंने कहा, ‘उस फिल्म का काम एक साल के लिए रोकना पड़ा था। बहुत सारा पैसा बर्बाद हुआ और कई लोगों को एक साल तक इंतजार करना पड़ा, इसलिए अब यह जिम्मेदारी मेरे दिमाग में रहती है’। पृथ्वीराज ने ‘आई, नोबडी’ की शूटिंग के दौरान हुए एक और हादसे को भी याद किया और कहा कि इससे एक्शन फिल्म बनाने में शामिल जोखिमों का पता चलता है। उनके मुताबिक, एक स्टंट करने वाले को गंभीर चोट लगी थी और उसकी गर्दन के पीछे 37 टांके लगाने पड़े थे।




















