विनोद कुमार सिंह अंशु
बाराबंकी। सरकार हर घर तक बिजली पहुंचाने का दावा कर रही है, लेकिन विकास खण्ड क्षेत्र के ग्राम बरजोरपुरवा, बडेला और त्रिवेदीकपुरवा में आज भी दर्जनों उपभोक्ता तक बिजली आपूर्ति बांस बल्लियों के सहारे की जा रही है। बरसात के मौसम में यह अस्थायी व्यवस्था ग्रामीणों के लिए चिंता और दुर्घटना का सबब बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार बरजोरपुरवा में करीब 1 दर्जन से अधिक घरों तक बिजली की लाइन बांस के खंभों के सहारे पहुंचाई गई है। इसी तरह त्रिवेदीकपुरवा में भी अस्थायी बल्लियों के सहारे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज हवा और बारिश के दौरान बांस के सहारे खिंचे बिजली के तार कभी भी टूटकर सड़क या आबादी वाले क्षेत्र में गिर सकते हैं, जिससे करंट लगने जैसी बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। धर्मेंद्र कुमार, मिथलेश, राजीव , विमलेश ने कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक शिकायतें देकर पोल और सुरक्षित लाइन लगाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बरसात के मौसम में हर समय दुर्घटना की आशंका के चलते ग्रामीणों में भय बनी रहती है। एसडीओ सर्वेश कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है इसकी जांच कराई जाएगी यदि बांस बल्लियों के सहारे बिजली आपूर्ति की जा रही है तो उन्हें हटवाकर विद्युत पोल लगवाए जाएंगे।








