सहजौर गांव में संत रविदास मंदिर के पास खाली खेत में चल रहा था जुए का खेल, पुलिस को देख अन्य जुआरी फरार
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात सहजौर गांव में छापेमारी कर सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेल रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से कुल 5430 रुपये नकद और 52 ताश के पत्ते बरामद किए। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में टीम रात में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सहजौर गांव में संत रविदास मंदिर के पास खाली खेत में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सहजौर निवासी अमित कुमार और गोविन्द शर्मा तथा सैयदराजा थाना क्षेत्र के हलुआ मड़ई निवासी पंकज यादव के रूप में हुई।
पुलिस ने जुए के फड़ से 5100 रुपये और 52 ताश के पत्ते बरामद किए, जबकि गिरफ्तार आरोपितों की तलाशी में 330 रुपये मिले। इस तरह कुल 5430 रुपये बरामद हुए। मामले में मुगलसराय कोतवाली में मुकदमा संख्या 585/2026 के तहत सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 13 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। फरार जुआरियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।





















