बलुआ पुलिस ने एक आरोपी को किया गिरफ्तार, घनी आबादी में बिना लाइसेंस रखा था पटाखों का भंडार
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां चौराहे के पास बेकरी की दुकान की आड़ में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने का मामला सामने आया है। बलुआ पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए रिद्धी बेकर्स की दुकान के बगल स्थित कमरे से 103 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, तीन नवंबर को प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग और गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चहनियां चौराहे के पास स्थित रिद्धी बेकर्स में भारी मात्रा में अवैध पटाखे रखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दुकान की तलाशी ली तो बगल के कमरे में नौ गत्तों में भरकर रखे गए पटाखे मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर उनका कुल वजन 103 किलोग्राम पाया गया।
बरामद पटाखों में चकरी, फुलझड़ी, अनार, पाइप बम, बुलेट बम, सुतली बम और अन्य तेज आवाज वाले पटाखे शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खंडवारी, चहनियां निवासी राहुल सिंह पुत्र सतीश सिंह चौहान के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, घनी आबादी के बीच बिना वैध लाइसेंस और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए पटाखों का भंडारण किया गया था।
इस मामले में बलुआ थाने में मु.अ.सं. 309/2026 के तहत बीएनएस की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।





















