बलरामपुर । जनपद के पचपेड़वा थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की भाभी की तहरीर पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को चकमा देकर भागने के प्रयास में आरोपी घायल हो गया, जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। आरोपी के पैर में चोट लगी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार को वादिनी ने थाने में सूचना दी कि उसकी 16 वर्षीय नाबालिग ननद के साथ एक युवक ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस बल ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। आरोपी राधेश्याम यादवको दबोचने के लिए टीमें गठित कर रवाना की गईं।
पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने का प्रयास किया, जिससे उसके पैरों में चोटें आ गईं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर जितेंद्र कुमार की तरफ से जानकारी देते हुए पचपेड़वा प्रभारी निरीक्षक ओपी सिंह चौहान ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान राधेश्याम यादव के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
बलरामपुर में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार








