निशांत पाठक चुने गए मंत्री
जलेसर में हुई खुली बैठक में नए पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन, स्थापना मंडल के सदस्यों का हुआ सम्मान
एटा। जलेसर नगर स्थित शिव परशुराम खाटू श्याम मंदिर में रविवार को ब्राह्मण समाज महासभा की खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के नए पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया, जिसमें अजय कुमार उपाध्याय को पुनः अध्यक्ष तथा निशांत पाठक (अधिवक्ता) को मंत्री चुना गया। वहीं रामकुमार गौतम को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक पूर्व निर्धारित एजेंडे के अनुसार शुरू हुई। मंत्री ने पिछली बैठक की कार्यवाही पढ़कर सुनाई, जबकि आय-व्यय का लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दोनों प्रस्तावों पर संतोष व्यक्त करते हुए सर्वसम्मति से अनुमोदन प्रदान किया।
इस अवसर पर संस्था के स्थापना मंडल के 12 सक्रिय सदस्यों को पुष्पमाला पहनाकर एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद नए पदाधिकारियों के चयन पर चर्चा हुई। अध्यक्ष पद के लिए प्रमोद कुमार उपाध्याय, सुमित दीक्षित, राजकुमार गौतम सहित अन्य सदस्यों ने अजय कुमार उपाध्याय के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने करतल ध्वनि के साथ सर्वसम्मति से पारित कर दिया।
बैठक में मंत्री पद के लिए निशांत पाठक (अधिवक्ता, मोहनपुर) तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए रामकुमार गौतम का भी सर्वसम्मति से चयन किया गया। इसके अलावा संगठन से जुड़े अन्य प्रस्तावों को भी सदन ने पारित किया।
बैठक में गोपाल दीक्षित, नरेश मिश्रा, डॉ. विजय गौतम, वागीश कटारा, सुरेश पचौरी, डॉ. रामबाबू उपाध्याय, रामगोपाल शर्मा ‘मधुर’, डॉ. श्यामबिहारी तिवारी, अजय मोहन शर्मा, अतुल भारद्वाज, धर्मेंद्र तिवारी, रतन गौतम, पप्पू शर्मा, रामकुमार पाठक, धर्मेंद्र पाठक, दुष्यंत भारद्वाज, अन्नू शर्मा, अमित शर्मा, अशोक भारद्वाज, सुरजीत शर्मा सहित सैकड़ों ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।








